Eggless Cake

प्रिय पाठकों,
चॉकलेट केक का नाम सुनते ही सबके मुँह में पानी भर आता है, फिर चाहे वो बच्चे हों या बूढ़े. आप में से बहुत सारे पाठकगण यह माँग कर रहे थे कि बिना ओवेन के केक कैसे बनाएँ? तो लीजिए आपकी फरमाइश पर मैं यहाँ प्रेशर कुकर में चॉकलेट केक बनाने की विधि लिख रही हूँ. इस केक की एक और भी ख़ासियत है- यह केक बिना अंडे के बनाया गया है. चॉकलेट केक बनाने की वैसे तो कई विधियाँ हैं लेकिन यह एक सीधी साधी आसान सी विधि है तो चलिए फिर शुरुआत इसी से करते हैं. आशा करते  हैं  की यह विधि आपको पसंद आए.
सामग्री

1 कप मैदा
1½  छोटे चम्मच बेकिंग पाउडर
½ कप कंडेंस्ड मिल्क
½ छोटा चम्मच बेकिंग सोडा
1 छोटा चम्मच वनिला एसेंस
4 बड़े चम्मच पिघला हुआ मख्खन या रिफाइंड ऑयल
2 बड़े चम्मच पिसी चीनी
2 बड़े चम्मच दूध
2 बड़े चम्मच कोकोया पाउडर
½ चम्मच तेल बर्तन में लगाने के लिए
1 चम्मच मैदा बर्तन में डालने के लिए

बनाने की विधि:सबसे पहले मैदा, कोकोया पाउडर, बेकिंग पाउडर और सोडा मिला के दो से तीन बार छान लें. दूध, कंडेंस्ड मिल्क, मक्खन, वनिला एसेंस और चीनी अच्छे से मिला लें. फिर दूध वाला मिश्रण धीरे धीरे मैदे के मिश्रण में डालें और अच्छे से फेटें जिससे मुलायम मिश्रण तैयार हो जाए.

एक केक बनाने के बर्तन में तेल लगा के चिकना करें फिर मैदा बुरक दें, अब केक का मिश्रण बर्तन में डाल दें. और कुकर को गैस पर रखें फिर कुकर में आधी कटोरी नमक डाल दें और केक का बर्तन कुकर में रख के तेज आंच पर 5 मिनट तक पकाएं फिर गैस धीमी करके कुकर के ढक्कन से रबर और सीटी निकाल के ढक्कन बंद करदे और धीमी आंच पर 30 मिनट तक पकने दें.

30 मिनट के बाद सावधानी से केक को कुकर से बाहर निकाले और एक टूथपिक या चाकू डाल के चेक करें अगर चाकू में मैदा लग के बाहर आ जाये तो केक को 5 मिनट तक और कुकर में रख के पका लें. पकने के बाद चाकू की सहायता से केक को बाहर निकाले और अपनी मनपसंद ड्रेसिंग से सजाये ठंडा होने के बाद खाए और खिलाएं.

Comments